
घटिया निर्माण पर भड़के विधायक,सड़क की गुणवत्ता पर उठे सवाल
सुलतानपुर। कादीपुर विधानसभा क्षेत्र में 1 करोड़ 53 लाख रुपये की लागत से बनी सड़क की बदहाली को लेकर शिकायत मिलने पर भाजपा विधायक राजेश गौतम ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। सड़क की हालत देखकर विधायक ने नाराजगी जताई और निर्माण कार्य में गंभीर अनियमितताओं के संकेत मिलने की बात कही।निरीक्षण के दौरान विधायक को सड़क की स्थिति इतनी खराब मिली कि उन्हें स्वयं पैदल चलकर हालात का जायजा लेना पड़ा। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण में गुणवत्ता के मानकों की अनदेखी की गई है। विधायक ने संबंधित विभागीय अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को कड़ी फटकार लगाते हुए निर्माण कार्य में तत्काल सुधार के निर्देश दिए। इस दौरान एक्सईएन ने भी स्वीकार किया कि सड़क निर्माण में मानकों का पालन नहीं किया गया है।बताया गया कि यह सड़क कादीपुर विधानसभा क्षेत्र के फुलपुर रजवाहा इलाके में स्थित है। शारदा सहायक नहर से फुलपुर रजवाहा तक किमी 7.550 से 10.110 और किमी 15.900 से 26.056 तक सड़क निर्माण कराया जा रहा है। विधायक का कहना है कि इस परियोजना का उद्देश्य क्षेत्र में आवागमन को बेहतर बनाना था, लेकिन निर्माण पूरा होने से पहले ही सड़क की हालत खराब हो गई, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।विधायक राजेश गौतम ने बताया कि इस सड़क के बन जाने से लगभग 50 गांवों को सीधा लाभ मिलना है। यह मार्ग सुलतानपुर–लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग से जलालपुर चौराहा होते हुए जुड़ता है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सड़क की गुणवत्ता में सुधार नहीं हुआ तो जिम्मेदार अधिकारियों और ठेकेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कराई जाएगी।




